हिमाचल प्रदेश: ऊना में धूमधाम से मनाया क्रिसमस का त्योहार

ख़बरें अभी तक। ऊना में क्रिसमस का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। ऊना के रक्कड़ कॉलोनी में स्थित संजोआन आश्रम चर्च को रंग बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। वहीं चर्च परिसर में प्रभु यशुमसीह से जीवन से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसे देखने लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। वहीँ गिरिजाघर में विशेष पूजा प्रार्थना भी हुई।

आज दुनियाभर में क्रिसमस का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। सोमवार की रात घड़ी की सूई ने जैसे ही 12 बजाए, गिरजाघरों में विशेष पूजा प्रार्थना शुरू हो गई। इसी मौके पर ऊना के संजोआन आश्रम चर्च को क्रिसमस के मौके पर रंग बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। इस मौके पर बड़ी तादात में लोगों ने प्रभु यीशु को याद किया। संजोआन आश्रम द्वारा गिरजाघर परिसर में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाती हुई झांकियां भी लगाई गई हैं।

जिनमें मरियम, प्रभु यीशु, गडरिये और स्वर्ग से आए दूत दिखाए गए हैं। संजोआन आश्रम के फादर जॉर्ज ने इस अवसर पर सभी को रोशनी के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को ईसा मसीह का जन्म हुआ था। इस दिन को क्रिसमस डे कहा जाता है और पूरे दिसंबर माह को क्राइस्ट-मास के नाम से जाना जाता है। क्राइस्ट-मास के खत्म होने के बाद ही ईसाई नववर्ष की शुरुआत होती है।