11 सालों में श्रीनगर ने देखी सबसे ठंडी रात, टेम्परेचर का पारा लगातार गिरता जा रहा है यहां..

खबरें अभी तक। जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में रविवार की रात तापमान 11 साल में सबसे कम दर्ज किया गया. यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जिससे सोमवार को डल झील और रिहायशी इलाकों में वॉटर सप्लाई के पाइपों में पानी जम गया.

श्रीनगर में दिसंबर के महीने में अब तक का सबसे कम तापमान 13 दिसंबर 1934 को शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था.

मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा, ‘श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. शहर में करीब 11 सालों में यह सबसे कम तापमान रहा है. 31 दिसंबर 2007 को शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था.’

शीतलहर के कारण यहां की डल झील सहित कुछ झीलें और वॉटर सप्लाई के पाइपों में पानी जम गया है.

काजीगुंड में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और पास के कोकरनाग में यह शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

अधिकारी ने बताया कि पहलगाम में रविवार रात का तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और गुलमर्ग में यह शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

अधिकारी ने बताया कि लेह में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 14.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और पास के करगिल में यह शून्य से 15.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा.

कश्मीर इस वक्त ‘चिल्लै कलां’ की गिरफ्त में है. 40 दिन की इस अवधि के दौरान सबसे अधिक सर्दी महसूस की जाती है और बर्फबारी भी अधिक होती है जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में निरंतर गिरावट देखी जाती है.

चिल्लै कलां 31 जनवरी को खत्म हो जाता है हालांकि इसके बाद भी कश्मीर में शीतलहर जारी रहती है. मौसम विभाग ने बुधवार तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है.