उड़ते प्लेन में बीमार हुआ यात्री, इमरजेंसी लैंडिग के बाद भी नहीं बच पाई जान

ख़बरें अभी तक। इंडिगो एयरलाइन्स के विमान की उस समय इमरजेंसी लैंडिग करवानी पड़ गई जब उसमें सवार एक 32 वर्षीय यात्री की बीच रास्ते में तबियत खराब हो गई। इंडिगो एयरलाइंस का ये विमान कोलकाता से बेंगलुरु जा रहा था। यात्री को कैपिटल अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।

व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी राजकुमार कर्माकर के रूप में की गई है। कर्माकर के रिश्तेदार सुनील चौधरी ने बताया कि वह अपना इलाज कराने बेंगलुरू जा रहे थे। कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के 45 मिनट बाद सुबह 10.10 बजे उन्होंने बेचैनी की शिकायत की।

जिसके बाद विमान को बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। 11.15 बजे हवाई अड्डे के अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने सहायता मुहैया कराई। इसके बाद मरीज को कैपिटल हास्पिटल ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।