राफेल मसले पर भाजपा-कांग्रेस एक थैली के चट्टे-बट्टे:अभय चौटाला

खबरें अभी तक। चरखी दादरी: नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा प्रदेश भर में जन अधिकार यात्रा को जनता का जिस तरह से समर्थन व सहयोग मिल रहा है, आने वाले समय में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी। सरकार बनते ही सबसे पहले किसानों के सभी कर्जे माफ करेंगे। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में किसान के कर्जे की माफी सिर्फ दिखावा किया है।

अभय चौटाला बीती देर रात दादरी में इनेलो पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महासचिव अशोक स्वामी के निवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के मध्यनजर फिल्ड में उतारकर मेहनत करने की बात कही। अभय चौटाला ने कहा कि मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में जो कांग्रेस ने किसान के कर्जे माफ किए है, वह सिर्फ ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। अगर कर्जा माफ करना है तो हर बैंक का कर्जा माफ करें, चाहे वह किसी बैंक का क्यों ना हो।

आगामी चुनावों में थर्ड फ्रंट एकजुट होते हुए मायावती को देश की कमान सौंपेंगे वहीं हरियाणा में इनेलो-बसपा गठबंधन पूर्ण बहुमत से ओमप्रकाश चौटाला को मुख्यमंत्री बनाएंगे। इसके लिए अब 17 फरवरी को प्रदेश में बड़ी रैली करके रिकार्ड कायम करेंगे। रैली के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि आने वाला समय सिर्फ इनेलो-बसपा गठबंधन का है। रैली करने का मकसद भीड़ जुटाना नहीं बल्कि देश में एक नया मैसेज देना है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस व भाजपा को सत्ता से दूर कैसे रखा जाए। देश में इनेलो-बसपा व तीसरे मोर्चे की सरकार देश में बने।

अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों के 10 लाख रुपए तक के सभी कर्जे माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केंद्र व प्रदेश में किए वायदे पूरे नहीं किए। इसलिए आज प्रदेश की जनता भाजपा को चलता कर गठबंधन की सरकार बनाने के लिए तैयार है। अभय चौटाला ने राफेल मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस व भाजपा एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। इनका काम सिर्फ घोटाले करना है ना कि विकास करना।