अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आज दूसरा दिन

खबरें अभी तक। अंतराष्ट्रीय तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का आज दूसरा दिन है। जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन का शुभारम्भ शंखनाद व मंत्रोच्चारण के साथ बालभवन रेवाड़ी में हुआ। महोत्सव के मुख्य अतिथि रेवाड़ी के विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास रहे। विधायक कापड़ीवास ने रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भगवद् गीता विश्व शांति, सद्भाव और विश्व बंधुत्व की प्रेरणा का अद्भुत ग्रंथ है। मनुष्य को गीता में बताए गए उपदेशों पर अमल करना चाहिए ताकि उनका जीवन सुखमय हो सके।

विधायक ने कहा कि सरकार गीता जयंती महोत्सव मानव उत्थान के लिए कर रही है। गीता में मानव उत्थान का रहस्य छिपा हुआ है तथा गीता तो ज्ञान है। उन्होंन जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि गीता जयंती महोत्सव भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। जिसके लिए जिला प्रशासन बधाई का पात्र है। स्वच्छता के मामले में देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर उन्होंने जिला प्रशासन और वासियों को बधाई दी।

विधायक कापड़ीवास ने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा बाल भवन में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी तथा इससे सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस प्र्रदर्शनी से आम जन को लाभ मिलेगा। स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों को देखते हुए उन्होंने समूह की महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह द्वारा प्रदर्शित सामान आज के मशीनी दौर में बने सामान से अच्छा है।

जनस्वास्थ्य विभाग की स्टाल पर जल संरक्षण, जीवन संरक्षण के बारे में विधायक ने कहा कि पानी की बचत करनी चाहिए तथा ग्रामीण जल एवं स्वच्छता की तरफ विशेष ध्यान देते हुए जल सरंरक्षण अभियान चलाएं। इस प्रदर्शनी में 44 विभाग व सामाजिक संस्थाओं की स्टालें लगी हुई हैंं जो अपनी-अपनी योजनाओं से दर्शकों को अवगत करा रहे हैं। वहीं आयुष विभाग की प्रदशर्नी पर गिलोह का काढा भी पिलाया जा रहा है।

सीईओ जिला परिषद कुशल कटारिया ने इस अवसर पर कहा कि गीता जयंती महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनी से सरकारी योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार होगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंदर पालीवाल, लक्ष्मण सिंह, अमित यादव समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।