राहुल संदेश यात्रा का कांग्रेसियों ने किया स्वागत

खबरें अभी तक। बलिया से नई दिल्ली जा रही राहुल गांधी संदेश यात्रा शनिवार को टूंडला पहुंची। कांग्रेसियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोकसभा चुनाव में जुट जाने के निर्देश पदाधिकारियों को दिए गए। स्वराज बचाओ अभियान के तहत राहुल गांधी संदेश यात्रा शनिवार शाम करीब चार बजे फीरोजाबाद होते हुए टूंडला पहुंची। यात्रा के संयोजक बाबुल सिंह नेे कहा कि राहुल संदेश यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सामने लाना और इस सरकार को जड़ से उखाड़कर फेंकना है।

यह यात्रा 27 नवंबर को बलिया से प्रारंभ हुई है। इसका समापन 23 दिसंबर को जंतर-मंतर नई दिल्ली पर होगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता से किए गए वादों को भाजपा सरकार पूरा नहीं कर सकी है। भ्रष्टाचार और अपराध चरम सीमा पर हैं। रोजगार की तलाश में युवा दर-दर की ठोकरें खा रहा है। नोटबंदी और जीएसटी लागू करके भाजपा सरकार ने लोगों को सड़क पर लाने का काम किया है। इस सरकार को कांग्रेस जड़ से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। यात्रा में काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।