सांसद सैनी का इनेलो पर हमला, कहा खत्म होने जा रही है लोकदल

ख़बरें अभी तक। रेवाड़ी पहुंचे लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी प्रमुख एवं कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने तमाम राजनीतिक दलों पर जमकर हमला बोला। इनेलो को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी का राजनीतिक चैप्टर अब क्लोज होने जा रहा है। वैसे भी इनेलो की लड़ाई कोई राजनीतिक स्टंट नहीं है। इनेलो की हार का मतलब देवीलाल ट्रस्ट के माल पर युद्ध कहा जा सकता है।

राजकुमार सैनी आज रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में जनसभा को संबोधित करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। रेवाड़ी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा भारी संख्या में लोगों ने उनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया।

इनेलो के लोगों को लुटेरा बताते हुए राजकुमार सैनी ने कहा कि इस पार्टी का हाल तो उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह और अखिलेश वाली पार्टी से भी बुरा होगा। पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र हुड्डा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की झोपड़ी में ताश खेलने के लिए अभी एक बंदा कम है, जो कि जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।

सैनी ने कहा कि मैं जिन लोगों की लड़ाई लड़ रहा हूं, वे दूसरों की बैसाखी पर चलने की आदि रहे हैं। वहीं कमजोर तबके ने कभी अपने ऊपर भरोसा नहीं किया, लेकिन अब मैं उन्हें भरोसा दिला रहा हूं। उन्होंने कहा कि जब तक यह लोग अपने दम पर नहीं चलेंगे तब तक दूसरे लोग इसी तरह इन्हें लूटकर खाते रहेंगे। इस मौके पर उन्होंने केंद्र में राज्य की सरकारों पर भी जमकर हमला बोला।