गोविंद सिंह ठाकुर ने शिक्षा अभियान के तहत बने नए भवन का किया उद्घाटन

खबरें अभी तक। वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को राजकीय उच्च पाठशाला जाणा में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत करीब 46 लाख की लागत से निर्मित नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल के लिए एक और भवन की आधारशिला भी रखी, जिस पर एक करोड़ से अधिक धनराशि खर्च होगी।

इन भवनों के उद्घाटन-शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इनके निर्माण से जाणा स्कूल के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों के संस्थानों में प्राथमिकता के आधार आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। वन मंत्री ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने तथा नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इनके संरक्षण के लिए हर नागरिक को आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर बीडीसी उपाध्यक्ष अमर चंद, जाणा पंचायत के प्रधान श्याम लाल और मुख्यध्यापिका ने वन मंत्री का स्वागत किया और विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। समारोह में मनाली भाजपा मंडल महामंत्री ठाकुर दास, उपाध्यक्ष अखिलेश कपूर, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी रेशमा ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।