युवाओं को सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत

खबरें अभी तक। आज के युवाओं को लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है ताकि देश को एक नई दिशा दी जा सके। यह बात आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बुधवार को पटेल जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कही। समारोह से पहले सरदार पटेल की तस्वीर पर माल्यापर्ण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अपने संबोधन में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि आज देश उस महान विभूति को याद कर रहा है जिसने न सिर्फ देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान दिया बल्कि आजादी के बाद पूरे देश का एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश कई रियासतों में बंटा हुआ था और इन सभी को मिलाकर एक सरदार पटेल ने अखंड भारत का निर्माण किया था।

महेंद्र सिंह ठाकुर ने युवा पीढ़ी से सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि आज युवा नशे की तरफ अधिक बढ़ रहे हैं और कुछ लोग इन्हें इस तरफ उकसाने का प्रयास कर रहे हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि आज के युवाओं को नई सोच के साथ समाज के लिए काम करना होगा तभी देश को एक नई दिशा दी जा सकती है।

समारोह के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर सेरी मंच से रन फार यूनिटी के तहत आयोजित रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। समारोह में सांसद राम स्वरूप शर्मा, जिला के अन्य विधायक और प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।