रोडवेज के समर्थन में हड़ताल पर रहे विभिन्न विभागों के कर्मचारी

खबरें अभी तक। सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदेशव्यापी हड़ताल के चलते आज रेवाड़ी में भी विभिन्न विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। अपने अपने विभागों में धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं पिछले 15 दिनों से जारी रोडवेज की प्रदेशव्यापी हड़ताल के तहत रोडवेज कर्मचारियों ने भी नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन किया।

रोडवेज के कर्मचारी जहां सरकार द्वारा लिए गए 720 प्राइवेट बसों के परमिट रद्द करने की मांग पर अड़े हैं तो वहीं अब सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी आज से 2 दिनों के लिए रोडवेज कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल पर चले गए हैं।

रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की सख्ती के बावजूद उनका आंदोलन कम होने वाला नहीं है और मजबूर होकर सरकार को उनकी बात माननी ही पड़ेगी। वहीं दूसरे विभागों के कर्मचारियों की माने तो वे भी रोडवेज कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और सरकार से सभी की एक ही मांग है कि 720 प्राइवेट बसों के परमिट रद्द किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का अड़ियल रवैया कर्मचारियों को कतई बर्दाश्त नहीं है।

इतना ही नहीं, रोडवेज कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद चरमराई परिवहन व्यवस्था के मद्देनजर अब छात्र संगठन के पदाधिकारी भी इन कर्मचारियों के समर्थन में खड़े हैं। छात्रों का कहना है कि रोडवेज की बसों को चला रहे ड्राइवरों पर उनको बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। सरकार को चाहिए कि कर्मचारियों की बात को मानते हुए इस पर जल्द फैसला करें।

अब देखना होगा कि एक पखवाड़े से चल रहा कर्मचारियों का यह अंत आंदोलन कहां जाकर खत्म होता है।