रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर भूख हड़ताल शुरू की

खबरें अभी तक। हरियाणा रोडवेज के बेड़े में निजी बसों को उतारने सहित 12 सूत्रीय मांगां को लेकर कर्मचारियों ने दादरी बस स्टैंड पर रोष प्रदर्शन किया और 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल शुरू की। इस दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से अल्टीमेटम दिया कि बसें रोड पर आई तो तुरंत बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा 15 नवंबर को हड़ताल की जाएगी।

रोडवेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर विभाग की यूनियनों के पदाधिकारी दादरी बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और रोष प्रदर्शन किया। यहां 6 कर्मचारी 24 घंटे के लिए सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता रणबीर गहलौत ने कहा कि प्रदेश सरकार निजी बसों को रोडवेज बेड़े में शामिल कर रही है। जिस दिन भी ये निजी बसें रोड पर उतरी, उसी दिन से बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा 12 सूत्रीय मांगों को लेकर विभाग के आला अधिकारियों व सरकार से कई बार वार्ता हुई।

बावजूद इसके सरकार ने कोई भी मांग को धरातल पर लागू नहीं किया। अब रोडवेज के कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे और आर-पार की लड़ाई के लिए संघर्ष करेंगे। साथ ही कहा कि विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा 15 नवंबर को हरियाणा में हड़ताल की जाएगी। इस दौरान यह हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। रोडवेज कर्मचारियों के प्रदर्शन को सर्व कर्मचारी संघ व कर्मचारी महासंघ ने भी समर्थन दिया। भूख हड़ताल पर डिपो प्रधान भूप सिंह धनासरी, श्रीभगवान, धर्मबीर डाला, कृष्ण ऊण, योगेश व प्रीत सिंह बैठे हैं।