बढ़ते अपराधों के लेकर विधायक नरेश यादव ने की प्रेस वार्ता

ख़बरें अभी तक। महेन्द्रगढ़ जिले में बढ़ते अपराध को लेकर अब विपक्ष भी सत्तारूढ़ दल पर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाने लगा है। बुधवार को अटेली मंडी के पूर्व विधायक नरेश यादव ने नारनौल में एक पत्रकारवार्ता के दौरान मौजूदा भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से सरकार विफल रहने का आरोप लगाया। नरेश यादव ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। हाल ही में रेवाड़ी की एक बेटी के साथ कनीना में हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पूरे देश को तो हिलाकर रख ही दिया है। साथ ही पुलिस प्रशासन की पोल भी खोलकर रख दी।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर पुलिस चौकी होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना घट जाती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस अपराधों के प्रति कितनी सजग है। उन्होंने अटेली मण्डी में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर भी मौजूदा पुलिस प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस नाम की कोई चीज नहीं है। चोर दिनदहाड़े चोरी करके फरार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ रहे इस तरह के अपराधों पर अंकुश नहीं लगने के कारण अब प्रदेश के मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।