मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दोनो प्रमुख पार्टियों में छिड़ी चुनावी जंग

खबरें अभी तक। इस साल के अंत तक मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं और राज्य की दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने चुनावी जंग छिड़ चुकी है। सत्ताधारी बीजेपी अपने 15 साल के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस रोज वोटरों को रिझाने के लिए नए-नए वादे कर रही है।

यहां की पथरिया विधानसभा सीट पर पिछले 20 साल से बीजेपी का कब्जा है और इस सीट से वर्तमान में बीजेपी के लखन पटेल विधायक हैं। दमोह लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस विधानसभा सीट पर कुल 2 लाख 10 हजार मतदाता हैं। जिनमें करीब 1.05 लाख पुरुष और एक लाख महिला वोटर शामिल हैं।

सोयाबीन प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री होने के बावजूद यहां बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। इसके अलावा बुंदेलखंड की इस सीट पर जलसंकट भी समस्या है। बगल से सुनार और कोपरा नदी बहने के बाद भी यहां के किसानों के लिए सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं।

इस बार भी यहां से लखन पटेल को ही टिकट मिल सकता है क्योंकि उन्हें राज्य में वित्त मंत्री जयंत मलैया का करीबी माना जाता है। कांग्रेस के खेमे से अनुराग वर्धन सिंह टिकट के लिए अपने दावेदारी पेश कर सकते हैं।