सदी की सबसे बड़ी बाढ़ का सामना करने के बाद अब केरल में जलजनित बीमारियां हुई जानलेवा, अबतक 3 लोगों की मौत

खबरें अभी तक। केरल में बाढ़ के बाद आई भारी तबाही के बाद अब एक और बड़ी समस्या लोगों को परेशान कर रही है। सदी की सबसे बड़ी बाढ़ का सामना करने के बाद अब केरल में जलजनित बीमारियां जानलेवा हो गई हैं। रविवार को ही तीन लोगों की जलजनित बीमारी से मौत हो गई है। इधर राज्य सरकार ने प्रदेश में लोगों से अतिरिक्त निगरानी बरतने के लिए अलर्ट जारी किया है।

Image result for सदी की सबसे बड़ी बाढ़ का सामना करने के बाद अब केरल में जलजनित बीमारियां

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को रैट फीवर अथवा लेप्टोस्पिरोसिस के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इस बुखार के रोगियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 350 लोगों में रैट फीवर की शिकायत मिली है, जिनका इलाज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में किया जा रहा है। पिछले पांच दिनों में इनमें से 150 मामले सकारात्मक पाये गए हैं। रैट फीवर के अधिकतर मामले कोझीकोड़ और मलप्पुरम जिलों से आए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने कहा कि राज्य सरकार सभी आवश्यक और एहतियाती कदम उठा रही है। बाढ़ के पानी के संपर्क में आने वाले लोगों से अपील की गई है कि वह अतिरिक्त निगरानी रखें। राज्य में अब तक बाढ़ के चलते 450 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बाढ़ के कारण कुल 57 हजार हेक्टेयर कृषि फसलें बर्बाद हो गईं हैं। इस बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन इलाज के सिलसिले में रविवार को अमेरिका रवाना हो गए। संभवत: तीन सप्ताह बाद सीएम वापस लौट आएंगे। पहले वह शनिवार को अमेरिका जाने वाले थे, लेकिन किसी वजह से उनके कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।