देव नगर में सीवरेज व्यवस्था ठप होने से लोग परेशान

खबरें अभी तक। बहादुरगढ़ के देव नगर में सीवरेज लाइन ब्लाक होने से लोग परेशान हैं। देव नगर की गली नम्बर 6 में सीवर के मेन हाल टूटे हुये हैं और पूरी गली गंदगी से लबालब भरी पडी है। कालोनी के लोग पिछले 2 महीने से संबंधित विभाग के अधिकारियों के दफतरों के चक्कर काट रहे हैं लकिन किसी भी अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर उनकी सुध नही ली। अब लोगों ने प्रशासन से आर पार ली लड़ाई का मन बना लिया है। लोगों ने सरकार से कालोनी की पूरी सीवरेज व्यवस्था को नए सिरे से ठीक करने की मांग की है। उन्होंने सरकार को 2 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा की अगर 2 दिन में जाम पड़ी सीवरेज का समाधन नही हुआ तो वे सड़को पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे।

यहां के स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज लाइन जाम होने से उनके घरों के आगे कीचड जमा हो गया है। जिससे आने वाली बदबू से लोगों कों भारी परेशानी हो रही है। पानी ठहरने से बिमारियों के फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है। लोगों को गली पार करके जाने के लिये भी ईंटों का सहारा लेना पडता है। सफाई नहीं होने से नाराज लोगों का कहना है कि वे जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन और जेई को कई बार फोन कर चुके है। उनके कार्यालय में जाकर भी समस्या से अवगत करवा चुके हैं। पार्षद रेखा सोनू दलाल और विधायक नरेश कौशिक को भी शिकायत कर चुके हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दफतरों के इतने चक्कर काटने के बावजूद अब तक समस्या ज्यों की त्यों है।

इतना ही नहीं लोगों का कहना है कि कॉलोनी में आबादी बहुत ज्यादा है और सीवरेज पाइप का साइज बहुत कम है। जिससे आए दिन पाइप ब्लॉक होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। विभाग के कर्मचारी उसे साफ करने के लिए आते भी हैं, तो 2 दिन के अंदर ही दोबारा से ये पाइप ब्लॉक हो जाते हैं। जिसके बाद उन्हें फिर से विभाग के चक्कर काटने पड़ते हैं। उन्होंने सरकार से इन पाइपों को बदल कर नए पाइप लगाने की मांग की है। ताकि समस्या का पूर्ण रुप से समाधान हो सके। लोगों ने सरकार को 2 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि या तो सरकार उनकी समस्या का स्थाई समाधान करने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई करें। नहीं तो वे सड़क पर उतर आएंगे और धरना- प्रदर्शन करने के साथ-साथ रोड जाम करने के लिए भी उन्हें मजबूर होना पड़ेगा।

वहीं इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन एस.के दहिया का कहना है कि देव नगर में बहुत सारी पशु डेयरी हैं। वे लोग अपने पशुओं का मल सीवर में बहाते हैं। इस लिये बार बार आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। उन्होंने ऐसे लोगों को नोटिस देने और सीवर साफ करवाने की भी बात कही है।