BJP ने किया विशाल रैली का एलान, सीएम बतौर मुख्यातिथि के रूप में करेंगे शिरकत

खबरें अभी तक। लोकसभा-विधानसभा चुनाव दिसंबर माह में एक साथ होने की चर्चा हुई तो नूंह जिले की राजनीति उबाल पर पहुंच गई। जनक्रांति यात्रा के बैनर पोस्टर से लेकर खुमार अभी लोगों के दिलों से उतरा भी नहीं कि भाजपा ने भी आगामी 14 जुलाई को अनाज मंडी फिरोजपुर झिरका में विशाल रैली का एलान कर दिया।

रैली में सीएम मनोहर लाल खट्टर मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा नेताओं में इस रैली को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। रैली को सफल बनाने के लिए आयोजक पूर्व भाजपा प्रत्याशी आलम उर्फ़ मुंडल ने मंगलवार को फिरोजपुर झिरका में कार्यकर्ताओं की बैठक ली , तो बुधवार को भाजपा नेता फकरुद्दीन एडवोकेट चंदेनी के नूंह स्थित आवास पर तमाम भाजपा नेताओं की बैठक हुई।

बैठक में कई गांवों के सरपंचों ने भी भाग लिया। फिरोजपुर झिरका की आगामी 14 जुलाई की रैली को सफल बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेवारी सरपंचों को दी जा रही है। चुनावी शंखनाद से पहले मुस्लिम बाहुल्य जिला नूंह मेवात में अपार जनसमूह जुटाकर भाजपा पूरे प्रदेश में एक संदेश देना चाहती है, इसलिए पहली बार नेता और कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। आलम उर्फ मुंडल पहले भी अपने गांव चांदडाका में अपने दम पर सफल रैली कर चुके हैं। उनकी पुत्रवधु अनीसा बेगम जिला परिषद की चैयरपर्सन हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा रैली में चार साल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखेगी।

नीति आयोग में सबसे पिछड़ा जिला घोषित होने के बाद इस जिले को रैली में विशेष पैकेज का तोहफा मिल सकता है। सरपंचों को भी बड़ी ग्रांट मिलने की बात कही जा रही है। इसलिए सरपंच भी पूरी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। चुनाव अगर दिसंबर माह में एक साथ होते हैं।  इस सरकार की यह आखिरी ग्रांट भी पंचायतों के लिए हो सकती है। भाजपा नेता मेगा सुपर एक्सप्रेस वे की सौगात को भी भुना रहे हैं। जिसका मुंबई – दिल्ली तक निर्माण का सर्वे इन दिनों चल रहा है। जिसमें नूंह मेवात जिले के 85 गांवों की भूमि आ रही है। भाजपा ने विकास किया ,कांग्रेस जनक्रांति यात्रा से लोगों को गुमराह कर रही है। भाजपा नेताओं का दावा है कि हरियाणा में इससे बड़ी रैली अभी तक नहीं हुई होगी।