IPL: चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए आज ‘करो या मरो’ का मैच

खबरें अभी तक। आईपीएल में तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए बुधवार की रात ‘करो या मरो’ की होगी। आईपीएल शुरू होने के पहले खिताब की मजबूत दावेदार के लिए अब एक हार से टूर्नामेंट में आगे के रास्ते बंद हो जाएंगे।

मुंबई इंडियंस बुधवार को अपने घर वानखेड़े स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब से भिड़ेगी। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम रहेगा। क्योंकि जीत उन्हें अंतिम-4 में जाने के रास्ते पर बनाए रखेगी तो हार टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा सकती है।

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार से मुंबई के प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली इस टीम को अब अंतिम चार में पहुंचने के लिए हर हाल में अपने दोनों मैच जीतने होंगे। साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।

मुंबई की परेशानियों का कारण मध्यक्रम रहा है। क्योंकि सूर्यकुमार यादव और इविन लुइस की सलामी जोड़ी ने उसे कभी निराश नहीं किया है। पिछले कुछ मैचों में मध्यक्रम की जिम्मेदारी कप्तान रोहित शर्मा ने अपने कंधों पर ले रखी है। एक बार फिर रोहित के जिम्मे ही मध्य क्रम की जिम्मेदारी होगी।

टीम के लिए केरन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या और उनके भाई हार्दिक का बल्ला चलना भी बेहद जरूरी है। गेंदबाजी का भार जसप्रीत बुमराह और मिशेल मैक्लेघन ने अपने कंधों पर ले रखा है, लेकिन अहम मौके पर रन लुटाने की वजह से मुंबई का गणित बिगड़ गया है। स्पिन विभाग में मयंक मार्कंडेय की भूमिका अहम रहने वाली है।

मुंबई इंडियंस 12 मैचों में 10 अंकों के साथ छठे नंबर पर है। दिलचस्प बात है कि मुंबई का रन रेट काफी अच्छा है। ऐसे में यदि 14 अंकों पर टाई होता है तो मुंबई रन रेट के मामले में बाकी टीमों पर भारी पड़ेगी।