रजिस्ट्रियों के कारोबार के लिए बदनाम अम्बाला कैंट एक बार फिर सुर्खियों में

खबरें अभी तक। विवादित रजिस्ट्रियों के कारोबार के लिए बदनाम अम्बाला कैंट की  तहसील एक बार फिर सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि यहां पर इक्का दुक्का नहीं बल्कि लगभग 150 प्रोपर्टीयों की रजिस्ट्रियां नियमों को ताक पर रखते हुए कर दी गईं। राजनीति के नायक और ईमानदार मंत्री कहे जाने वाले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को जब तहसील में खेले जा रहे इस इस गोरखधंधे के बारे में पता चला तो उन्होंने अम्बाला कैंट के एसडीएम को इसकी जांच के आदेश दिए। जिसमें साफ हो गया कि अम्बाला कैंट तहसील में लगभग 150 रजिस्ट्रियां गलत तरीके से की गईं हैं। अम्बाला कैंट के एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेज दी है और इस गड़बझाले को अंजाम देने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी भी कर ली है। संभावना है कि विवादित रजिस्ट्रियों का आंकड़ा अभी और ऊपर जा सकता है।

अम्बाला कैंट तहसील को अपग्रेड करके भले ही नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया हो परन्तु यहां अभी भी व्यवस्थाएं बीमार ही हैं। बताया जाता है कि अम्बाला कैंट के कई इलाकों में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां नहीं हो सकतीं जिसका फायदा दलाल उठाते हैं और कई बार अधिकारियों की मिलीभगत से गलत तरीके से रजिस्ट्रियां करवा जाते हैं। इन सब बातों को देखते हुए कई बार कमिश्नर रैंक तक के कई बड़े अधिकारी अम्बाला कैंट तहसील का रिकॉर्ड भी खंगाल चुके हैं। इस गड़बझाले की भनक लगते ही  स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज हरकत में आए और उन्होंने खुद इस पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम अम्बाला को इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।