कास्टिंग काउच पर बोले शत्रुघ्न सिन्हा, मनोरंजन और राजनीति में काम कराने होती है यौन संबंध बनाने की मांग

खबरें अभी तक।  कास्टिंग काउच का विवाद तुल पकड़ता दिखाई दे रहा है।  इसमें पहले कोरियोग्राफर सरोज खान और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रेणुका चौधरी और अब उनके बाद  बॉलीवुड व बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इस विषय पर  विस्तार से बात की हैं। उन्होंने कहा है कि ये व्यक्तिगत पसंद है इसके लिए किसी को मजबूर नहीं किया जाता। सरोज खान और रेणुका चौधरी का बचाव करते हुए उन्होंने माना कि मनोरंजन और राजनीति जगत में काम कराने के लिए यौनाचार की मांग और पेशकश की जाती है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि, न तो सरोज खान गलत हैं और न ही रेणुका चौधरी। मनोरंजन और राजनीतिक जगत में काम कराने के लिए यौन संबंध बनाने की मांग और पेशकश की जाती है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए यह बहुत पुरानी और आजमाई हुई तरकीब है। यह तो मानव जीवन की शुरुआत से हो रहा है। इसमें इतना दुखी होने की बात क्या है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, कोरियोग्राफी के क्षेत्र में और रेखा, माधुरी दीक्षित व दिवंगत श्रीदेवी का करियर चमकाने में सरोज खान का अतुलनीय योगदान है। सरोज खान अपने क्षेत्र की दिग्गज हैं। वह अक्सर अपने दिल से बोलती हैं, जिसमें राजनीतिक पक्षों की अपेक्षा भावनात्मक पक्षों को तरजीह देती हैं। अगर उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में लड़कियों को ‘समझौता’ करना पड़ता है, तो उन्हें जरूर ऐसे मामलों की जानकारी होगी।

बॉलीवुड में कास्टिंग काउच की हकीकत को स्वीकारते हुए उन्होंने कहा, मैं सरोज और रेणुका की बात से पूरी तरह सहमत हूं। मैं जानता हूं कि फिल्मों में आने के लिए लड़कियों को कैसे-कैसे ‘समझौते’ करने पड़ते हैं। शायद सरोज जी खुद इस दर्द और अपमान से गुजर चुकी हैं।