मेडिकल कॉलेज में हड़ताल जारी, परेशान रहे मरीज

खबरें अभी तक। एएमयू के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में रविवार को भी खत्म नहीं हो सकी। दिनभर मरीज परेशान रहे। हड़ताल को चार दिन हो गए हैं। जूनियर डॉक्टरों ने सुबह बैठक कर चौबीस घंटे के लिए हड़ताल बढ़ाने निर्णय लिया। समझौता वार्ता में केबिनेट मैंबर जैद शेरवानी को निलंबित करने की मांग की गई। इसके लिए कोई हल नहीं निकल सका।

आरोप है कि जैद शेरवानी ने बुधवार को एक महिला जूनियर चिकित्सक से अभद्रता कर दी थी। इसके विरोध में गुरुवार सुबह से हड़ताल शुरू कर दी गई। आरडीए अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला ने कहा कि हम पर प्रशासन द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। हड़ताल समाप्त करने के लिए साथियों को समझाने के लिए बात करेंगे। उन्होंने बताया कि आरोपित कैबिनेट मेंबर जैद शेरवानी और सिक्योरिटी इंचार्ज की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने शनिवार को मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी थी। आरोपित कैबिनेट मेंबर जैद शेरवानी के समर्थन में यूनियन भी आ गई है। छात्र नेता फरहान जुबैरी शनिवार को सिविल लाइन थाना में आरडीए अध्यक्ष डॉ. अब्दुल्ला सहित चार डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे चुके हैं। मरीजों की परेशानी को देखते हुए हड़ताल खुलवाने को जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने आवश्यक सेवा सरंक्षण अधिनियम(एस्मा) लागू करने की चेतावनी दी है। मेडिकल में हड़ताल के दौरान चार लोगों की मौत हो चुकी है। इमरजेंसी में नए मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। डॉक्टरों की कमी के चलते पहले से भर्ती मरीजों की देखरेख नहीं हो पा रही है। ओपीडी में आने वाले मरीज भी पूरी सुविधाएं नहीं ले पा रहे हैं, क्योंकि कंसलटेंट के साथ जूनियर डॉक्टर नहीं बैठ रहे हैं।