लालू अपनी बिमारी का इलाज कराने पहुंचे दिल्ली, केंद्रीय मंत्री कुशवाहा ने की मुलाकात

बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में रांची में जेल की सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद को विशेष इलाज के लिए गुरुवार को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। केन्द्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने एम्स जाकर लालू से मुलाकात की और उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली।

लालू यादव गुरुवार को रांची राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचे। सुबह 11.41 बजे ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जहां से वीआइपी गेट के जरिये उन्हें पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के बीच एम्स में इलाज के लिए ले जाया गया। समर्थकों की भीड़ के मद्देनजर एम्स में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। उन्हें एम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। एम्स प्रशासन ने उनके इलाज के लिए पांच विभाग के डॉक्टरों की टीम गठित की है। दोपहर करीब 12:20 बजे उनके एम्स पहुंचने पर सर्जिकल इमरजेंसी में डॉक्टरों ने करीब तीन घंटे तक उनके स्वास्थ्य की जांच की। बाद में उन्हें प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया। लालू यादव ने शिकायत की है कि उन्हें हृदय, किडनी व मधुमेह की बीमारी है। इसके अलावा गॉल ब्लैडर में स्टोन व फिस्टुला होने की भी शिकायत की है।

इससे पहले रेलवे स्टेशन पर उनकी बेटी मीसा भारती और राजद नेता जेपी यादव समेत अन्य नेता भी पहुंचे। मीसा भारती ने कहा कि उनके पिता को विमान से दिल्ली लाया जाना चाहिए था, क्योंकि उनकी तबीयत बहुत खराब है। मीसा ने बिहार में दंगों को लेकर भी नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार चल रही है। यही वजह है कि दंगे में आरोपी केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, बल्कि उनके पिता अपने बेटे की तुलना महात्मा गांधी से कर रहे हैं। तीसरे मोर्चे के सवाल पर मीसा ने कहा कि हर क्षेत्रीय पार्टी को तीसरा मोर्चा समझा जाता है, अब यही पार्टियां मिल रही हैं जो भाजपा को बाहर कर देंगी।