सुखदेव सिंह के कत्ल का पर्दाफाश सच्चाई आई सामने

 खबरें अभी तक। सिटी पुलिस मलोट ने होली वाले दिन घुमियारा खेड़ा में हुए मनदीप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह उर्फ मुंशी सिंह निवासी लक्कड़वाला के कत्ल केस का पर्दाफाश कर सच्चाई सबके सामने ला दी है। उनके अनुसार शिकायतकत्र्ता ही कातिल है।

भोला ने यह शिकायत दी थी पुलिस को
2 मार्च को घुमियारा में हुए झगड़े संबंधी सुरजीत सिंह उर्फ भोला सिंह पुत्र नैब सिंह ने बयान दर्ज करवाए थे कि गांव के धन्ना सिंह, राजा सिंह, गुरप्रीत सिंह व उनके 10-11 साथी हथियारों से लैस होकर उनके घर का दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुए तथा जानलेवा हमला किया जिसमें उसकी माता भजन कौर घायल हो गईं तथा उसके दोस्त मनदीप सिंह का कत्ल कर दिया। पुलिस ने सुरजीत सिंह उर्फ भोला सिंह के बयानों पर धन्ना सिंह व उसके साथियोंं विरुद्ध 302, 307,452, 323, 14,149 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

गवाह बनने का डर व अवैध संबंधों का शक ले गया मनदीप की जान
इस मामले संबंधी एस.पी. इकबाल सिंह, एच.एच.ओ. बूटा सिंह, ए.एस.आई. बलविंद्र सिंह तथा गुरसेवक सिंह ने पूछताछ की। उसके आधार पर जो सच्चाई सामने आई वह रौंगटे खड़े कर देने वाली थी। उनके अनुसार सुरजीत सिंह उर्फ भोला सिंह की धन्ना सिंह से पैसों को लेकर बहस हुई थी तथा सुरजीत भोला ने मनदीप की मौजूदगी में एक रेहड़ी वाले के पास धन्ना सिंह व राजा सिंह को मार देने की धमकी दी तथा अपने किरच से हमला करने की कोशिश की। इस उपरांत गुरुद्वारा जीवन सिंह के पास दोबारा झड़प हुई।

इस दौरान भोला ने राजा सिंह पुत्र गुरजंट सिंह पर किरच से हमला कर दिया। इस दौरान भोला की मां तथा मृतक मनदीप ने छुड़वाने की कोशिश की। बाद में राजा सिंह ने अपने पर हमले का बदला लेने के लिए साथी जस्सा सिंह, गुरप्रीत सिंह आदि से सलाह कर सुरजीत भोला के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान भोला व मृतक मनदीप ने भीतर से छिपकर दरवाजे को कुंडी लगा ली लेकिन हमलावरों ने दरवाजा तोड़कर हमला कर दिया और भोला, उसकी माता भजन कौर व मनदीप को घायल कर दिया।

इस दौरान मनदीप बेहोश हो गया। भजन कौर द्वारा शोर मचाने पर हमलावर भाग गए लेकिन सुरजीत सिंह भोला ने अपने पास रखी किरच से बेहोश पड़े मनदीप को मार देने की नीयत से चोटें मारीं। जांच दौरान सामने आया कि भोला तथा उसकी मां द्वारा मनदीप का कत्ल करने की मंशा एक तीर से 3-3 निशाने साधना था। एक तो पहले भोले ने इस किरच से राजा सिंह को गंभीर जख्मी किया था जिस कारण भोला को डर था कि राजा की मौत हो गई तो मनदीप इकलौता गवाह बन सकता है।

इसके अलावा यह भी सामने आया कि भोला को यह भनक लग गई थी कि मनदीप के उसके भाई विक्की की पत्नी कमलजीत से अवैध संबंध हैं। इसके चलते भोला की मां भजन कौर ने अपनी बहू के संबंधों से खफा होकर किरच से मनदीप को जान से मारने के लिए चोटें मारीं जिस पर उसकी मौत हो गई। उधर भोला अपने लगी चोटों की आड़ में मलोट अस्पताल में दाखिल हो गया तथा विरोधियों को फंसाने के लिए यह चाल चली। पुलिस ने मामले में आरोपी भजन कौर को गिरफ्तार कर किरच बरामद कर ली है तथा दूसरे पक्ष के जस्सा सिंह, राजा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।