चम्बा व पांगी में फंसे लोगों को हवाई उड़ान से मिली राहत

खबरें अभी तक।  बुधवार को जिला मुख्यालय व पांगी घाटी के बीच एक हवाई उड़ान के आयोजित होने से कुल 46 लोगों ने साच दर्रे को पार करने में सफलता हासिल की तो साथ ही इस हवाई उड़ान के आयोजित होने से चम्बा व पांगी में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ से चम्बा के लिए 18 लोग हैलीकॉप्टर में सवार होकर चम्बा पहुंचे तो वहीं जिला मुख्यालय से पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ के लिए 28 लोग हैलीकॉप्टर में सवार होकर किलाड़ गए।

बेसब्री से हवाई उड़ान का इंतजार कर रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार इस हवाई उड़ाने बारे जिला प्रशासन व पांगी प्रशासन को मंगलवार की शाम को जानकारी मिली, जिसके चलते प्रशासन की ओर से हवाई उड़ान के लिए आवेदन किए हुए लोगों को सूचित किया गया। सूचना मिलने के चलते यात्री बुधवार की सुबह पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ तथा जिला मुख्यालय में सुल्तानपुर हैलीपैड पर पहुंच गए थे। इस हवाई उड़ान का लोगों को बेसब्री के साथ इंतजार था क्योंकि पिछले कई दिनों से कुछ लोग पांगी से चम्बा तो कुछ लोग चम्बा से पांगी जाने के लिए इंतजार कर रहे थे।