फेसबुक ने माना कॉल और मैसेज हो रहे रिकॉर्ड, इस तरह बदले सेटिंग और बचाएं अपना डाटा

फेसबुक पर डाटा चोरी होने की रिपोर्ट ने दुनिया भर के यूजर्स के बीच एक जानकारी को लेकर एक नई बहस शुरू कर दी है। दरअसल कैंब्रिज ऐनालिटिका नाम की एक फर्म ने फेसबुक के करोड़ो यूजर्स के डाटा के साथ छेड़छाड़ की थी। फर्म ने इसका इस्तेमाल 2016 अमेरिकी प्रेसिडेंट इलेक्शन को प्रभावित करने के लिए किया था। इसके बाद बाद फेसबुक को दो दिनों में करीब 6 लाख करोड़ के नुकसान का सामना करना पड़ा था। यूजर्स की नाराजगी का सामना कर रहे फेसबुक के शेयर 9 फीसदी तक गिर गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को सामने आना पड़ा। जुकरबर्ग ने यूजर्स से माफी भी मांगी साथ ही ऐसी कोई घटना भविष्य में न हो इस बात का भी आश्वासन दिया। लेकिन हाल ही में आई एक और रिपोर्ट फेसबुक पर प्राइवेसी को लेकर सवाल खड़े कर रही है। खबरों के मुताबिक फेसबुक यूजर्स के कॉल और एसएमएस डाटा को भी रिकॉर्ड कर रहा है।

दरअसल सोशल मीडिया जायंट फेसबुक ने एक ब्लॉग में इस बात की जानकारी दी है कि वो कैसे जानकारी जुटाता है। फेसबुक के मुताबिक वो उन्हीं जानकारियों को हासिल करता है जिसकी इजाजत यूजर्स देते हैं। जब आप फेसबुक मैसेंजर या फेसबुक लाइट को अपने स्मार्टफोन पर डाउनलोड करके एक्सेस करने जाते हैं, तो एप आपके कुछ चीजों की परमिशन(इजाजत) मांगता है। यूजर को ये विकल्प के रूप में दिखता है, जिसे आप मना भी कर सकते हैं। यहां यूजर्स को एक सुविधा भी मिलती है कि वो फेसबुक मैसेंजर या फेसबुक लाइट के एप की सेटिंग्स पर जाकर इस फीचर को बंद कर सकते हैं। फेसबुक के मुताबिक एंड्रॉयड फोन से ली जाने वाली जानकारी विकल्प के तौर पर होती है।

जब आप फेसबुक मैसेंजर को इंस्टॉल करने के बाद पहली बार ओपेन करते हैं तो आपके सामने 3 विकल्प आते हैं। Turn On, Not Now और Learn More। Turn On पर टैप करते ही फेसबुक मैसेंजर आपकी जानकारी को हासिल करने लगता है। अगर आप अपने फोन की जानकारी नहीं देना चाहते तो Not Now पर टैप कर के एप का इस्तेमाल कर सकते हैं।