रूस के शॉपिंग मॉल में लगी भीषण आग, अब तक 64 लोगों की मौत; कई अब भी लापता

रूस में हाल के वर्षों की भीषण अग्निकांड की खबर है। साइबेरिया के केमेरोवो शहर के शॉपिंग मॉल में रविवार को आग से 64 लोगों की मौत हो गई और बच्चों सहित कई लोग लापता बताए जाते हैं। विंटर चेरी मॉल में रविवार को काफी भीड़भाड़ थी। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोपहर में एक सिनेमा हॉल में आग लगी और फैल गई।

रूस के आपदा सेवा मंत्रालय ने बताया कि आग मॉल के तीसरी और ऊपरी मंजिल पर लगी। इससे दो सिनेमा हॉल की छतें ढह गईं। 300 फायरब्रिगेड और बचाव कर्मियों ने करीब 120 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। लेकिन उस समय मॉल में कितने लोग थे, यह पता नहीं होने के कारण बचाव कार्य में मुश्किल हुई। इसके अलावा धुंए के कारण भी बचाव कार्य में बाधा आई।

करीब छह घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। रूस के आपदा सेवा मंत्री व्लादिमीर पुचकोव ने 64 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे को लेकर मॉल का प्रबंधन देखने वाली कंपनी के मुखिया समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मॉल के वीडियो फुटेज में लोगों को धुंए से भरी सीढ़ी से भागते और जाम हो गए बाहर निकलने के दरवाजे को तोड़ते देखा गया।