भाजपा नेता के बेटे ने मां को मार डाला, शादी को लेकर हुआ था झगड़ा

ख़बरें अभी तक: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में भाजपा नेता के बेटे ने अपनी मां पर दनादन गोलियां बरसा दीं। मां की हत्या करने के बाद बेटा फरार हो गया जिसको पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। कहा जा रहा है कि आरोपी युवक यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के संगठन हिंदू युवा वाहिनी का ब्लॉक अध्यक्ष है।

पुलिस की दी हुई जानकारी के अनुसार, आरोपी विवेक की शादी 12 मार्च को हुई थी जिसको लेकर मां सुमन के साथ उसका विवाद हो गया। मां-बेटे का झगड़ा इतना बढ़ा कि विवेक ने बंदूक निकालकर मां पर कई गोलियां बरसा दीं। मां की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मां के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि विवेक की शादी दबाव डालकर की गई थी जिसका अंजाम बहुत बुरा हुआ। हलांकि घर के लोग इस वजह को खारिज कर रहे हैं। विवेक के पिता नरेश कुमार भाजपा नेता हैं। वे भाजपा विधायक ओम कुमार के पीआरओ हैं। नरेश कुमार के लाइसेंसी पिस्टल से विवेक ने मां की हत्या कर दी। पुलिस ने विवेक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस का भी कहना है कि हत्या घरेलू कलह की वजह से हुई। विवेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।