चंद्रबाबू नायडू को अमित शाह का खुला खत, गिनाए आंध्र के लिए केंद्र सरकार के काम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को 9 पेज का खुला खत लिखा है। भाजपा अध्यक्ष ने खत की शुरुआत में चंद्रबाबू नायडू और राज्य के 5 करोड़ तेलुगु भाषी लोगों को उगाड़ी पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। इसके बाद उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी द्वारा एनडीए का साथ छोड़ने को दुर्भाग्यपूर्ण व एकतरफा कदम बताया है। चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र की एनडीए सरकार पर प्रदेश के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है और वे लगातार राज्य के लिए विशेष दर्जे की मांग कर रहे हैं। इस पर अमित शाह ने सिलसिलेवार तरीके से चिट्ठी में चंद्रबाबू नायडू के आरोपों का न सिर्फ जवाब दिया है, बल्कि मोदी सरकार द्वारा राज्य के लिए किए गए कामों को भी गिनाया है।

भाजपा अध्यक्ष ने अपने इस खुले खत में लिखा है कि उनकी पार्टी पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस और डेवलपमेंट में भरोसा करती है। उन्होंने कहा- राष्ट्रीय विकास की अवधारणा में आंध्र प्रदेश हमारे लिए खासा महत्व रखता है और यह इस बात से भी झलकता है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के विकास व समृद्धि के लिए हर संभव कोशिश की है।

चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के साथ जिस अन्याय की बात कर रहे हैं उसे अमित शाह ने कांग्रेस का किया पाप बताया है। उन्होंने अपने इस खुले खत में लिखा कि प्रदेश के विभाजन में कांग्रेस ने मिसमैनेज किया और राज्य के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई।