राज्यसभा में कांग्रेस से कहीं आगे निकली भाजपा, पहली बार बनी सबसे बड़ी पार्टी; अभी बहुमत के आंकड़े से है दूर

 खबरें अभी तक। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहली बार राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। पार्टी के 38 वर्ष के इतिहास में पहली बार सदन में उसके 69 सदस्य हो गए हैं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था। हालांकि भाजपा की अगुआई वाला राजग अभी भी 245 सदस्यीय उच्च सदन में बहुमत से दूर ही रहेगा। सदन में बहुमत के लिए 126 का आंकड़ा चाहिए। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के कुल सदस्य 50 हो जाएंगे।

शुक्रवार को सात राज्यों में राज्यसभा की 26 सीटों के लिए हुए मतदान में भाजपा को सर्वाधिक 12 सीटों पर विजय हासिल हुई। कांग्रेस को पांच, तृणमूल कांग्रेस को चार, जदयू (शरद गुट) को एक और तेलंगाना राष्ट्र समिति को तीन सीटें मिलीं।

गौरतलब है कि इस वर्ष 17 राज्यों से राज्यसभा की 59 सीटें रिक्त हुई थीं। इनमें से 10 राज्यों में 33 प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। इनमें भाजपा के 16 थे। इस प्रकार कुल 59 रिक्त सीटों में से भाजपा को 28 मिलीं। कांग्रेस को दस, बीजद को तीन, तेदेपा, राजद और जदयू को दो-दो और वाइएसआर कांग्रेस, राकांपा एवं शिवसेना को एक-एक सीट हासिल हुई।