5 किलोग्राम चरस सहित गिरफ्तार

खबरें अभी तक।  घुमारवीं पुलिस द्वारा 5 किलोग्राम चरस सहित गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गत 16 मार्च को गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों की निशानदेही पर की गई है। इस दौरान पुलिस ने उक्त महिला व अन्य 2 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से महिला को 3 दिन के पुलिस रिमांड तथा अन्य आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गाड़ी से बरामद की थी 5 किलोग्राम चरस 
बता दें कि घुमारवीं पुलिस ने मसौर मोड़ पर नाके के दौरान गत 16 मार्च को एक गाड़ी से 5 किलोग्राम चरस बरामद की थी। इस मामले में पुलिस ने मनोहर लाल पुत्र दिले राम निवासी नरोला तहसील सरकाघाट मंडी व बबलू पुत्र जयराम निवासी खलेली डाकघर बजौरा (कुल्लू) को एन.डी.पी.एस. की धारा के तहत गिरफ्तार किया था। ये दोनों आरोपी 23 मार्च तक पुलिस रिमांड पर थे। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उक्त खेप कुल्लू जिला की एक महिला से खरीदी थी।

पुलिस ने गांव में दबिश देकर दबोची महिला 
पुलिस ने दोनों आरोपियों के बयान दर्ज कर तथा उनकी निशानदेही पर कुल्लू जिला के एक दुर्गम क्षेत्र के गांव में दबिश देकर उक्त महिला को गिरफ्तार किया। महिला की पहचान जीतू देवी पत्नी देवी राम निवासी गांव राहूनाला डाकघर बलान तहसील सैंज के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने की है।