व्‍लादिमीर पुतिन करेंगे रूसी लोगों को संबोधित, बस एक घोषणा का इंतजार

व्‍लादिमीर पुतिन चुनाव में जीत के बाद एक बार फिर रूस के राष्‍ट्रपति पद पर काबिज होने जा रहे हैं। हालांकि रविवार को हुए चुनाव को लेकर अभी अधिकारियों की जांच जारी है। क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अधिकारियों ने अभी चुनाव परिणाम को वैध घोषित नहीं किया है। पुतिन को कुल पड़े मतों के तकरीबन 76 प्रतिशत मत मिले।

क्रेमलिन द्वारा जारी बयान में कहा गया कि अधिकारी जैसे ही चुनाव परिणाम को वैध घोषित करते हैं, उसके बाद पुतिन रूसी लोगों को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि पुतिन शुक्रवार 10:00 जीएमटी पर रूस की जनता को संबोधित करेंगे। पुतिन ने रविवार को हुए चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। वह अपने संबोधन में इसके लिए रूसी जनता का धन्‍यवाद जरूर देंगे।

बता दें कि पुतिन ने चुनाव जीतकर अगले छह साल के लिए फिर रूस के राष्‍ट्रपति का पद हासिल कर लिया है। 1999 से कभी रूसी महासंघ के प्रधानमंत्री तो कभी राष्ट्रपति रहे पुतिन जब अपना नया कार्यकाल पूरा करेंगे तो रूस में सत्ता के एकमात्र केंद्र के रूप में रहे उन्हें 24 साल हो चुके होंगे। 1999 में रूसी राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन के इस्तीफे के बाद पुतिन उनकी जगह सत्ता में आए थे। वैसे बता दें कि रविवार को पुतिन की भारी जीत ने सोवियत तानाशाह जोसेफ स्टालिन के बाद उन्हें सबसे लंबे समय तक सेवा प्रदान करने वाले रूसी शासक बना दिया है।