‘सुक्खू को हटाने के लिए आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस’

खबरें अभी तक। आलाकमान प्रदेश कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कितने भी कदम उठा ले परंतु जब तक सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन का नेतृत्व करते रहेंगे, तब तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का पतन इसी तरह जारी रहेगा। पूर्व मंडलाध्यक्ष योगराज ठाकुर एवं अन्य नेताओं ने कहा कि अगर 2019 के चुनाव सुक्खू के नेतृत्व में लड़े जाते हैं तो कांग्रेस की हार तय है।

जिस तरह से सुक्खू ने विधानसभा चुनावों में मंडी को कांग्रेस मुक्त करवाया, उसी तरह पूरे हिमाचल प्रदेश के आने वाले चुनाव अगर इनके नेतृत्व में लड़े गए तो पूरा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो जाएगा।

राष्ट्रीय कांग्रेस को हिमाचल कांग्रेस की भलाई के लिए सुक्खू को तत्काल निष्कासित कर देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वैसे भी वह एक नॉमिनेटिड अध्यक्ष हैं, उन्हें संगठन को चलाने का बिल्कुल भी तजुर्बा नहीं है। इसी वजह से वह संगठन को मजबूत करने की बजाय उसे दिन-प्रतिदिन कमजोर करते जा रहे हैं।

अगर जल्द से जल्द सुक्खू ने अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं दिया तो हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के निष्ठावान व कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनके खिलाफ प्रदेश भर में उन्हें हटाने के लिए आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।