त्रिपुरा: 9 मंत्रियों के साथ बिप्लब देब लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, PM पहुंचे अगरतला

बिप्लब देव आज त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ 9 मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। अगरतला के असम राइफल्स ग्राउंड में शपथग्रहण समारोह की पूरी तैयारी हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा भाजपा शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। वहीं, शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगरतला पहुंच गए हैं, जहां बिप्लब देव और राज्यपाल ने उनका स्वागत किया।बिप्लब देब की ओर से त्रिपुरा के पूर्व सीएम माणिक सरकार को भी कार्यक्रम में आने के लिए न्योता भेजा गया है।

पूर्वोत्तर के इस राज्य में यह पहली भाजपा सरकार होगी। 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा और आइपीएफटी को 43 सीटों पर सफलता मिली है। इस राज्य में 25 वर्षों से माकपा नीत वाम मोर्चा की सरकार थी।

48 वर्षीय देब ने 6 मार्च को राज्यपाल तथागत राय के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। विधानसभा चुनाव में भाजपा और आइपीएफटी को क्रमश: 35 और आठ सीटों पर सफलता मिली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय से जुड़े रहे देब ने भाजपा की सफलता दिलाई है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छह मार्च को कहा था कि जे. देबबर्मा उपमुख्यमंत्री होंगे। चरिलाम एसटी सुरक्षित क्षेत्र का चुनाव स्थगित हो जाने से देबबर्मा अभी तक विधायक नहीं चुने जा सके हैं। इस क्षेत्र से माकपा प्रत्याशी का निधन हो जाने के कारण चुनाव टाल दिया गया है और 12 मार्च को यहां चुनाव कराया जाएगा।