प्रेम विवाह करने पर चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट

खबरें अभी तक। बीती रात कुछ लोगों ने एक विवाहिता से प्रेम विवाह करने पर सैक्टर-55 इलाके की एक बस्ती में रहने वाले एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की मां ने महिला के बेटों पर हत्या करने का आरोप लगाया।

पुलिस के मुताबिक सैक्टर-55 स्थित बस्ती में रहने वाली सफीदन ने शिकायत में कहा कि उसका 35 साल का बेटा राजेश पहले से विवाहित है। कुछ समय पहले राजेश का इसी बस्ती में रहने वाली एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। इस महिला के जवान बेटे भी हैं। दोनों परिवारों के लाख विरोध के बावजूद राजेश ने करीब 7 महीने पहले उस महिला के साथ प्रेम विवाह कर लिया और उसके साथ रहने लगा। इस बात से महिला के बेटे काफी नाराज हो गए थे। उन्होंने अपने मन में राजेश के प्रति रंजिश पाल रखी थी।

सफीदन का कहना है कि उनका परिवार इस मामले को सामाजिक तौर पर निपटाने का प्रयास कर रहा था। अन्य दिनों की तरह बुधवार को भी राजेश अपने काम पर गया था। देर शाम को काम से लौटते समय उसे महिला के बेटे आजाद, नोसा, मौसम, बॉबी व उनके साथी राजू और अन्य लोगों ने राजेश को रास्ते में रोक लिया और जमकर मारपीट करने लगे।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर राजेश को मौके पर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। मामले के जांच अधिकारी यासीन खान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।