बुजुर्ग महिला को ऐसे मिली भयानक मौत

खबरें अभी तक।  बंजार के बठाहड़ इलाके में एक बुजुर्ग महिला की कूहल में डूबने से मौत हो गई। महिला कपड़े धोने के लिए घराट के लिए आ रही कूहल के पास गई थी। इस दौरान अचानक महिला का पांव फिसल गया और कूहल में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।

बंजार अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार बठाहड़ की हीरू देवी (62) पत्नी परस राम मंगलवार को कपड़े धोने गई। घराट के लिए आ रही पानी की कूहल में पिछले दिनों बारिश और हिमपात के बाद पानी काफी बढ़ गया है। कई जगह पर कूहल का आकार संकरा होने के कारण पानी काफी गहरा है। कपड़े धोने के बाद महिला कूहल में संकरी जगह पर पांव फिसलने से गिर गई।

कूहल में औंधे मुंह गिरी हुई पाई गई महिला
महिला जब काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की तो महिला कूहल में औंधे मुंह गिरी हुई पाई गई। जब तक परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के सहयोग से महिला को पानी से बाहर निकाला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। पुलिस की ओर से ए.एस.आई. बृज लाल मौके पर गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। ए.एस.पी. निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।