अब टोल पर होगी महिलाओं की निगरानी, काटेंगी पर्ची और वसूलेंगी टैक्स

खबरें अभी तक। बायपास के मांगलिया स्थित टोल प्लाजा पर आपको महिलाएं टोल टैक्स लेते हुए और बैरियर ऑपरेट करते हुए दिखें तो चौंकिएगा नहीं। महिला दिवस (8 मार्च) से इंदौर बायपास के टोल प्लाजा का संचालन पूरी तरह महिलाओं के हाथों में आ जाएगा।

वे वाहन आने पर बैरियर गिराएंगी, टोल टैक्स वसूलेंगी और फिर बैरियर खोलेंगी। बायपास टोल प्लाजा के 16 में से 14 बैरियर पर महिलाकर्मी तैनात की जा रही हैं। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य महिलाओं को बढ़ावा देने के साथ आए दिन होने वाले वाद-विवाद और मारपीट से निपटना भी है। इंदौर-देवास टोलवेज कंपनी के कर्ताधर्ताओं को उम्मीद है कि ऐसे लोग जो राजनीतिक या अन्य प्रभाव से टोल टैक्स नहीं देते, वे टैक्स देंगे और महिलाओं से विवाद करने से बचेंगे।

कंपनी ने 15 महिलाओं को टोलकर्मी के रूप में नियुक्ति दी है, जिनकी ट्रेनिंग चल रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से 14 टोल बूथों के संचालन का काम विधिवत रूप से उन्हें सौंप दिया जाएगा। शुरुआती कुछ दिन टोलकर्मी उनके साथ रहेंगे, जो किसी तरह की व्यावहारिक परेशानी आने पर उन्हें मार्गदर्शन देंगे।

 कंपनी पदाधिकारियों का कहना है कि वे प्रायोगिक रूप से कुछ महिलाओं को वर्तमान में किसी न किसी बूथ पर बैठा रहे हैं। सोमवार-मंगलवार से यह प्रयोग लगातार किया जाएगा। जैसे-जैसे महिलाएं काम सीखती जाएंगी, उनकी ड्यूटी टोल बूथ पर लगाई जाएगी।टोल प्लाजा पर महिलाओं की नियुक्ति की पहल करने वाले इंदौर-देवास टोलवेज कंपनी के टीम लीडर अजय पांडे के मुताबिक महिला टोलकर्मियों का समय सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा। ऐसा इसलिए ताकि रात होने से पहले सभी महिलाएं अपने घर पहुंच जाएं।