अमित शाह ने घेरी कांग्रेस,करोड़ों के घोटाले में फंसा कैप्टन का दामाद

खबरें अभी तक। बैंक में कथित धोखाधड़ी मामले में कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रधान अमित शाह ने कहा कि यह शर्मनाक है कि पंजाब के मुख्यमंत्री के रिश्तेदार ने किसानों की कमाई का पैसा हड़प लिया। भाजपा प्रधान का इशारा बैंक के उस कथित धोखाधड़ी मामले की तरफ था जिसमें कैप्टन अमरेंद्र  सिंह के दामाद पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

अमित शाह ने कहा, यह बेहद शर्मनाक है कि गरीब और मेहनत करने वाले किसानों का पैसा सीएम अमरेंद्र सिंह के दामाद की जेब में गया। भाजपा प्रधान ने सवाल किया कि कांग्रेस ने बैंक में कथित धोखाधड़ी के साथ जुड़ी खबर सम्बन्धित ट्वीट को क्यों हटाया है। कांग्रेस हमेशा अपनी डकैती, गड़बड़ी, एनपीए, विजय माल्या और नीरव मोदी को दोनों हाथों से धन दिया और लुटाया है।

शाह ने ओरिएंटल बैंक आफ कामर्स में कथित धोखाधड़ी के साथ जुड़ी खबर को भी सांझा किया। गौरतलब है कि सीबीआई ने 22 फरवरी को सिंभावली शुगर लिमिटेड कंपनी, उसके चेयरमैन गुरमीत सिंह मान, उप प्रबंध निर्देशक गुरपाल सिंह व अन्य के खिलाफ  97.85 करोड़ रुपए की कथित बैंक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। गुरपाल सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह के दामाद हैं।