अंगीठी की गैस हुई जानलेवा साबित, एक व्यक्ति की मौत दूसरा गंभीर

 खबरें अभी तक। सोलन के ओझघाट में अंगीठी की गैस जानलेवा साबित हुई। जहां एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि अन्य साथी घायल अवस्था में है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार यह दोनों व्यक्ति सिलीगुड़ी से काम की तलाश में आए थे और पंचायत ओझघाट में वह खेती का काम कर रहे थे। वह यहां एक कमरे में रहते थे और ठंड से बचने के लिए उन्होंने रात को अंगीठी जलाई थी।

हादसा कमरा अंदर से बंद करने के चलते हुआ। जब वह सुबह काम पर नहीं आए तो मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया और दरवाजा तोड़कर अंदर का मंजर देखा तो सबके होश उड़ गए। क्योंकि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था और दूसरा घायल अवस्था में पड़ा था। दोनों की आयु करीबन 55 वर्ष बताई जा रही है।

दोनों के परिजनों को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। गांव के प्रधान वेद प्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि रात को दोनों व्यक्ति अपने कमरे में सोने गए थे और ठंड से बचने के लिए उन्होंने अंगीठी कमरे में रख ली थी। जब वह सुबह अपने घर से बाहर नहीं निकले तो उन्हें इसकी सूचना मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।