21 जिलों में 59 प्रभारी बनाए, हर खेमे को प्रतिनिधित्व

खबरें अभी तक।  हरियाणा कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने संगठन की गतिविधियां तेज कर दी हैैं। जिलाध्यक्ष और ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्तियां करने से पहले तंवर ने हर जिले में दो से तीन प्रभारी नियुक्त कर दिए। यही प्रभारी पार्टी की तमाम गतिविधियों का संचालन करेंगे और जिलाध्यक्षों व ब्लाक अध्यक्षों के नामों की सिफारिश करेंगे।

जिला प्रभारियों की लिस्ट जारी होते ही कांग्रेस में घमासान बढऩे के पूरे आसार हैैं। अशोक तंवर ने राजनीतिक चतुराई के साथ यह लिस्ट जारी की है। संगठन के लिहाज से कांग्रेस के 32 जिले, 178 ब्लाक, 35 प्रकोष्ठ और 5 फ्रंटियल सेल हैैं। कुछ जिले ऐसे भी हैैं, जहां संगठन के लिहाज से दो-दो जिलाध्यक्ष काम करते हैैं। मसलन अंबाला शहरी व अंबाला ग्रामीण दो जिले होंगे।

 तंवर ने अपने विश्वासपात्र हरियाणा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी को सभी प्रकोष्ठ व फ्रंटियल संगठनों का प्रभार सौंपा है। साथ ही उन्हें अंबाला जिले का प्रभारी भी बनाया है। उनके साथ खजान सिंह को लगाया गया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष जय सिंह लाली को अल्पसंख्यक सेल के साथ ही सिरसा जिले का प्रभारी लगाया गया है। उनके साथ राजकुमार तेवतिया को जोड़ा है।
कांग्रेस प्रधान ने हर जिले में दो से तीन प्रभारी नियुक्त किए हैैं। हालांकि हुड्डा, सुरजेवाला, कुलदीप, सैलजा, कैप्टन और किरण खेमे के भी नेताओं को प्रभारी बनाया गया है, मगर तंवर खेमे ने प्रत्येक जिले में अपनी पसंद के प्रभारी की नियुक्ति सुनिश्चित की है।
चार पूर्व मंत्री, तीन विधायक, दो पूर्व सांसद और दो पूर्व विधायक बने प्रभारी
हरियाणा कांग्र्रेस के जिला प्रभारियों में तंवर के नेतृत्व वाली प्रांतीय कमेटी के पदाधिकारियों को ही तरजीह दी गई है। इनमें चार पूर्व मंत्री, दो पूर्व सांसद, दो पूर्व विधायक और तीन विधायक शामिल हैैं। जिला प्रभारियों में सभी धड़ों के नेता शामिल हैैं, मगर तंवर के सबसे ज्यादा हैैं।