भारतीय गोलीबारी से पाक में मरे लोगों को राजकीय सम्मान! PM ने भारतीय सेना पर लगाए आरोप

गुलाम कश्मीर के प्रधानमंत्री राजा फारुक हैदर ने नियंत्रण रेखा के नजदीक के गांवों और कस्बों के मारे गए लोगों का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने के निर्देश दिए हैं। पाकिस्तान परस्त हैदर ने सभी जिला उपायुक्तों को ये निर्देश भारतीय सेना की गोलीबारी में मारे गए लोगों की बाबत दिए हैं। कहा है कि गोलीबारी में घायल लोगों के अच्छे इलाज में पूरी गंभीरता बरती जाए।

पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक हैदर ने भारतीय सेना पर नागरिक ठिकानों खासतौर पर महिलाओं और बच्चों पर गोलीबारी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय सेना स्कूल और अस्पतालों को भी निशाना बनाने में नहीं हिचक रही है। इसके कारण तमाम बेगुनाह लोग मारे गए हैं।

हैदर ने नागरिक ठिकानों पर भारतीय गोलीबारी का मामला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के समक्ष उठाने की पाकिस्तान सरकार से गुजारिश की है। उल्लेखनीय है कि भारत में सीमा पार से होने वाली गोलीबारी का जवाब दिए जाने और मुंह की खाने के बाद पाकिस्तानी पक्ष भारतीय सेना पर यही आरोप लगाता है। इस सिलसिले में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय कई बार इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों को तलब कर विरोध भी जता चुका है। लेकिन पाकिस्तान खुद सीमा पार से गोलीबारी की हरकत बंद नहीं करता।