Lockdown One Year: ‘कोरोनाबंदी’ का आज एक साल पूरा, PM मोदी की एक अपील और बंद हो गया सबकुछ !

  • ख़बरें अभी तक || महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते देश में लगे लॉकडाउन को आज पूरा एक साल  हो गया है। आज से ठीक एक साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील पर पूरा देश 21 दिन के लिए रुक गया था। सिर्फ इमर्जेंसी सर्विसेज को काम करने की इजाजत थी। देश को जानलेवा महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज से ठीक एक साल पहले 24 मार्च 2020 को रात 8 बजे से देशव्यापी लॉकडाउन का एलान किया था। उस समय कोरोना ने देश पर ऐसा कहर बरपाया कि सब कुछ बंद हो गया। रेल, हवाईजहाज, बसें, कारखाने, दुकानें और हजारों कंपनियां समेत लगभग सभी जरूरी साधनों को बंद करना पड़ा और लोग घरों में कैद हो गए थे। यानी एक चलता फिरता भारत अचानक ही पूरी तरह से ठप सा हो गया था।

22 मार्च को लगा था जनता कर्फ्यू

इससे पहले कोरोना वायरस के प्रकोप को भांपते हुए पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन दिया और जनता से अपील की कि वह 22 मार्च रविवार को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू लगाए। ताकि कोरोना वायरस की कड़ी को तोड़ा जा सके। देश ने अपने पीएम की बात मानी और पूरे देश में बाजार-कंपनियां बंद हो गई। यातायात रुक गया और सड़के खाली हो गईं।

30 जनवरी 2021 को आया था पहला केस

भारत में कोरोना वायरस का पहला केस 30 जनवरी 2020 को आया। दक्षिण राज्य केरल में चीन के वुहान प्रांत से लौटीं एक महिला कोरोना वायरस पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद देश में हर रोज केस बढ़ते गए। कोरोना वायरस ने लोगों के रहने सहने के तरीके में बहुत बदलाव ला दिया है। आज एक साल बाद भी भले ही देश लॉकडाउन से आजाद हो गया हो, लेकिन अभी भी कोरोना का खतरा बरकार है। मार्च में केस फिर से बढ़ने लगे हैं। देश में संक्रमण की दूसरी लहर चल रही है, जो बेहद खतरनाक है।

आज देश में कोरोना की क्या स्थिति है?

देश में अब तक 1 करोड़ 16 लाख 86 हजार 796 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 11 लाख 81 हजार 253 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 60 हजार 166 लोगों ने जान गंवाई है। जबकि 3 लाख 45 हजार 377 का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

वहीं देश में कोरोना टीकाकरण भी तेजी से हो रहा है कोरोना टीकाकरण के 67वें दिन स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, शाम 7 बजे तक कुल पांच करोड़ वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।