Covid-19 Updates: भारत में अचानक बेकाबू हुआ कोरोना ! 24 घंटे में 39 हजार से ज्यादा केस, महाराष्ट्र में हाल बेहाल !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों से हड़कंप मचा हुआ है। बीते 24 घंटों में कोरोना के 39 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं जोजो इस साल में एक दिन में संक्रमित की संख्या सबसे ज्यादा है। इनमें से 85 फीसदी मामले सिर्फ महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ में आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 65 फीसदी केस दर्ज किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोरोना के 39 हजार 726 नए मामले सामने आए हैं और 154 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 20 हजार 654 लोगों ने कोरोना को मात दी है। देश में अब कुल मरीजों का आंकड़ा 1 करोड़ 15 लाख 14 हजार 311 हो गया है, जिसमें से 1 करोड़ 10 लाख 83 हजार 679 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है।

अब देश में एक्टिव मामलों की संख्या 2 लाख 71 हजार 282 हो गई है। अब तक 1 लाख 59 हजार 370 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीनेशन की रफ्तार भी तेज हो गई है। अब तक 3 करोड़ 93 लाख 39 हजार 817 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

16 राज्यों में एक भी मौत नहीं

हालांकि 16 राज्य ऐसे भी हैं जहां बीते दिन कोरोना से एक भी संक्रमित व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। ये राज्य हैं- अंडमान निकोबार, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा एंड नागर हवेली, झारखंड, लद्दाख, लक्षदीप, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, सिक्किम, त्रिपुरा, उत्तराखंड।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोरोना वायरस के मामलों में लगातार नौवें दिन बढ़े हैं। देश में अब भी 2,71,282 मरीज इलाज करा रहे हैं जो संक्रमण के कुल मामलों का 2.36 फीसदी है जबकि इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या गिरकर 96.26 फीसदी रह गई है। इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,10,83,679 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.38 फीसदी हो गई है।

कब-कब कितने केस आए

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख से पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे।

देश में इस वैश्विक महामारी से अब तक कुल 1,59,370 लोगों की मौत हुई है। इनमें 53,138 लोगों की मौत महाराष्ट्र, 12,573 की तमिलनाडु, 12,415 की कर्नाटक, 10,949 की दिल्ली, 10,300 की पश्चिम बंगाल, 8,753 की उत्तर प्रदेश और 7,186 लोगों की मौत आंध्र प्रदेश में हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जिन लोगों की मौत हुई उनमें से 70 फीसदी से अधिक लोगों को अन्य बीमारियां भी थीं।

कोरोना को लेकर सभी को यही हिदायत दी गई है कि कोरोना के नियमों का पालन किया जाए… लेकिन लोग नहीं मान रहे और लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक बार फिर से जाते-जाते कोरोना को न्योता दे चुके हैं… हालात अब ऐसे हो चुके हैं… कि कभी भी कहीं भी लॉकडाउन लग सकता है… लेकिन बाहर निकलो तो ऐसा लगता है मानो जनता को कोरोना से ज्यादा डर मास्क औऱ सोशल डिस्टेंसिंग से है… शायद इसीलिए कोरोना को सरेआम न्योता दिया जा रहा है… औऱ मास्क औऱ सोशल डिस्टेंसिंग से दूरी बनाई जा रही है

जरूरत है कि सबसे पहले कोरोन के नियमों का पालन किया जाए…क्योंकि एक बार फिर से घरों में कैद होकर कोई नहीं रहना चाहता… बेहतर यही होगा की चार दिवारी की बजाय 2 दो गज की दूरी को अपनाएं… मास्क लगाएं और अपने हाथों को बार-बार सैनिटाइज करें यही आपके औऱ हमारे लिए बेहतर होगा