रविदास जयंती को लेकर दो समुदायों में तनाव की स्थिति

खबरें अभी तक। रविदास जयंती कार्यक्रम को लेकर दो समुदायों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। रविवार को खूब पत्थरबाजी हुई, कई वाहनों में तोडफ़ोड़ हुई। वहीं देर रात एक पक्ष के लोगों द्वारा मकानों पर पत्थरबाजी की गई और वाहनों में भी तोडफ़ोड़ की। देर रात हुई घटना के बाद एक पक्ष के लोगों में दहशत बनी हुई है। हालांकि पुलिस को अवगत करवाया गया, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

बता दें कि रविवार को दादरी शहर के रविदास नगर में दो पक्षों के बीच रविदास जयंती कार्यक्रम को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसमें एक पक्ष द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके कार्यक्रम को रद्द करवाने का आरोप लगाया गया, तो दूसरे पक्ष द्वारा गुंडागर्दी कर दहशत फैलाने का आरोप लगाया। रविवार को दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी की और एक मकान में भी आग लगा दी गई थी। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया गया। इस दौरान दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस द्वारा मौके पर एक पीसीआर भी तैनात कर दी गई थी।

बीती रात करीब एक दर्जन से भी ज्यादा लोग लाठी-डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष के मकानों पर पहुंचे और जमकर पत्थरबाजी की गई। इस दौरान मकानों पर कई देर तक पत्थर बरसाते रहे। इतना ही नहीं बल्कि हवाई फायरिंग करते हुए दो ट्रकों में भी तोडफ़ोड़ की गई। मकानों के सदस्यों को कमरों में घुसकर अपनी जान बचानी पड़ी। हमले में घायल बलवान ने बताया कि रात को आए लोगों ने पत्थरबाजी करते हुए हवाई फायरिंग की। उनको मारने का प्रयास किया गया। वहीं कमलेश ने बताया कि रात को आए लोगों ने महिलाओं पर हमला किया। वे बाल-बाल बच गई। फायरिंग करते हुए उनके घरों में पत्थर फेंके गए और वाहनों में तोडफ़ोड़ की गई।