अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में दिखेगी हिमाचल के 50 वर्षों की स्वर्णिम झलक

ख़बरें अभी तक। मंडी का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव इस बार अलग रंग में नजर आएगा। शिवरात्रि महोत्सव की थीम हिमाचल की 5 दशकों की स्वर्णिम यात्रा पर आधारित होगी। साल 2020 हिमाचल की पूर्ण राज्यत्व की स्वर्ण जयंती का वर्ष है, इसी को ध्यान में रखते हुए मंडी जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। बता दें कि हिमाचल ने 25 जनवरी 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त किया था और हाल ही में 25 जनवरी 2020 को प्रदेश ने अपना 50वां पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया है।

इस बार 22 से 28 फरवरी तक मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के अवसर पर बिलासपुर जिले के झंडूता में हुए राज्य स्तरीय समारोह में स्वर्ण जयंती पट्टिका का अनावरण भी किया था। उपायुक्त मंडी एवं अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि इस साल 22 से 28 फरवरी तक मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में हिमाचल की 50 वर्षों की सभी क्षेत्रों की अभूतपूर्व विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसे लेकर अन्य आयोजनों के अलावा एक बड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

50वें पूर्ण राज्यत्व दिवस को शिवरात्रि महोत्सव की थीम बनाने का लिया गया निर्णय

उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर इस दिशा में तैयारी करने के निर्देश दिए। वहीं, एसडीएम सदर निवेदिता नेगी ने मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की स्मारिका प्रकाशन उपसमिति के सभी सदस्यों से इस बार स्मारिका को और रोचक, ज्ञानवर्धक व संग्रहणीय बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा है। उन्होंने मंडी अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2020 की थीम के अनुरूप लेखों के अलावा अन्य रोचक जानकारियों के समावोश व हिमाचल की 5 दशकों की विकास यात्रा और इसमें मंडी की भूमिका को दर्शाते चित्र संकलित करने को भी कहा है।

प्रदेश की 49 वर्षों की अभूतपूर्व विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा महोत्सव के दौरान

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शिवरात्रि महोत्सव को देखने के लिए देश विदेश से पर्यटक मंडी पहुंचते हैं। महोत्सव में जिलाभर से 215 देवी देवताओं को निमंत्रण दिया जाता है। महोत्सव पर्यटकों और शोधार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। इस बार महोत्सव की थीम के जरिए हिमाचल के 50 वर्षों के विकास को दर्शाया जाएगा।