विवाहित महिला का युवक के साथ चल रहा था प्रेम प्रसंग, ग्रामीणों ने काट दी दोनों की नाक !

ख़बरें अभी तक। उत्तरप्रदेश के अयोध्या से बेहद ही चौकानें वाला मामला सामने आया है। यहां अवैध संबंधों के चलते में ग्रामीणों ने एक शादीशुदा महिला और उसके प्रेमी को ऐसी सजा दी जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। ग्रामीणों ने जब विवाहिता को उसके प्रेमी  के साथ पकड़ा तो उन्होंने दोनों की जमकर पिटाई की और उन्हें रस्सियों से बांध दिया।

इसके बाद दोनों की नाक भी काट दी। जानकारी के मुताबिक मामला अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र स्थित खंड पिपरा गांव का है। बताया जा रहा है कि पुरवा निवासी 30 वर्षीय विवाहिता का इसी ग्राम सभा के रहने वाले गैर समुदाय के 23 वर्षीय युवक से पांच-छह साल से प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध था।

इसी के चलते विवाहित महिला चुपके- चुपके अपने प्रेमी से मिलने भी जाती थी। इस बात का पता जैसे ही विवाहित महिला के परिजनों को चला तो उन्होंने दोनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी के चलते सोमवार देर रात महिला के घर से निकल कर अपने घर जा रहे प्रेमी को परिजनों ने धर दबोचा और प्रेमी पर अपना गुस्सा उतार दिया।

इसके बाद मौके पर पहुंची विवाहिता ने प्रेमी को पीटने का विरोध किया तो परिवार व गांव वालों ने प्रेमी को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद प्रेमी की जमकर पिटाई हुई। बताया जा रहा है कि गुस्साएं परिजनों ने पहले महिला की नाक काटी और फिर उसके प्रेमी की भी नाक काटकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।

इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी रुदौली धर्मेंद्र कुमार यादव कहना है कि मामले की जानकारी होने पर दोनों घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।