जयराम सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सुरक्षा में किया इजाफा

खबरें अभी तक। हिमाचल में सत्तासीन होने के एक महीने में ही जयराम सरकार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर मेहरबान हो गई है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में इजाफा कर दिया है। वीरभद्र के निजी आवास हॉली लॉज पर अब दस जवानों की फौज तैनात कर दी गई है।

इससे पहले तक उनके आवास पर एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल तैनात थे। अब सुरक्षा जवानों में हुई बढ़ोतरी के पीछे उनके आवासीय क्षेत्र के बड़ा होने की दलील दी जा रही है। इसके इतर प्रदेश के अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा में अभी भी पांच जवान ही तैनात हैं।

हिमाचल पुलिस ने वीरभद्र सिंह के निजी आवास पर एक हेड कांस्टेबल के साथ नौ जवानों की तैनात की है। सूत्रों की मानें तो पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर अनौपचारिक रूप से उक्त सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है।हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में इस बदलाव के पीछे पुलिस का कोई भी अधिकारी आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं है। वहीं, नाम न लिखने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस के एक आला अधिकारी के निर्देश पर ही वीरभद्र की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

यह दलील दी कि पूर्व मुख्यमंत्री के निजी आवास पर कई एंट्री और एग्जिट प्वाइंट होने और परिसर बड़ा होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। वर्तमान में सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को सुरक्षा के नाम पर एस्कोर्ट और एक पीएसओ मुहैया कराया जाता है।

इसके अलावा निजी आवास पर एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल की सुरक्षा गारद तैनात की जाती है। पूर्व मुख्यमंत्रियाें प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार के आवास पर अब भी एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल की निर्धारित गारद तैनात है, लेकिन वीरभद्र सिंह की सुरक्षा में हुए बदलाव के बाद विभाग में खासी चर्चा है।