अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर सरकार पर साधा निशाना

खबरें अभी तक। इनेलो नेता और एलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र तीन दिन की बजाय एक सप्ताह का होना चाहिए। अभय सिंह ने कहा की जोड़ा सरकार इस विशेष सत्र को तीन दिन भी नहीं चलायेगी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के बीच विवाद को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी भी असमंजस में है कि किसके आदेश मानें, किसके नहीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अभय चौटाला ने कहा इनेलो विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी।

अपने आवास पर मीडिया से रूबरू अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को सत्र की अवधि बढ़ानी चाहिए। इससे नए विधायकों को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा। साथ ही अन्य विधायक भी अपने मुद्दे विधानसभा में रख सकेंगे। चौटाला ने कहा कि उन्हें तीन दिन सत्र को चलाने को लेकर भी सरकार की नीयत पर संदेह है। सरकार इस विशेष सत्र को तीन दिन नहीं चलाएगी।

उन्होंने भाजपा-जजपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह स्वार्थ का गठबंधन है। यह स्वार्थ की सरकार है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के बीच जारी गतिरोध पर भी अभय सिंह ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकार में पता नहीं मुख्यमंत्री की चलती है या मंत्री की। मुख्यमंत्री फैसले लेते हैं, गृहमंत्री चिट्ठी लिखते हैं। आपसी टकराव से जनता को नुकसान उठाना पड़ता है। अधिकारी असमंजस में हैं, किसकी मानें , किसकी नहीं। ऐसे लोग ज्यादा दिन सत्ता में नहीं रह सकते। सौ फीसदी सरकार गिर जाएगी।

अभय सिंह चौटाला ने वृद्धावस्था सम्मान पेंशन में 250 रुपये की बढ़ोतरी को ऊंट के मुंह में जीरे के समान बताया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन 5100 रुपये करने का वायदा करने वाले अब कहाँ हैं। गौरतलब है कि जेजेपी के चुनाव घोषणा पत्र में पेंशन 5100 रुपये करने का वायदा किया गया था। सिरसा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभय सिंह ने नए साल की पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए पेंशन वृद्धि के फैसले पर अपने तीखी प्रतिक्रिया दी।

अभय चौटाला ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाने के लंबे- चौड़े दावे किए गए थे लेकिन जनता को धरातल पर कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने गठबंधन और कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के सवाल पर सरकार पर हमला तेज़ करते हुए कहा कि यह गठबंधन नहीं, ठगबंधन सरकार है। सब बिकाऊ सौदा है।

इनेलो के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि जो जिम्मेवारी उन्हें संगठन नेतृत्व ने सौंपी है उसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच मजबूती से उठाया जाएगा। पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।