बिलासपुर: अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी बस, 27 यात्री घायल

ख़बरें अभी तक। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ-मनाली पर बिलासपुर के गंभरोला पुल के पास मंगवार सुबह एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी गई। जिससे बस में सवार सभी लोग घायल हो गए हैं। बस में करीब 56 लोग सवार थे। इनमें 51 स्टूडेंट, 3 टीचर, 2 गाइड व 1 चालक शामिल था। सभी केरला के रहने वाले हैं।

घायल एमईएस आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज छतमंगलम जिला कालीकट के छात्र हैं। यह स्टूडेंट कुल्लू मनाली की तरफ घूमने जा रहे थे। इन्होंने दिल्ली से बस हायर की थी। अचानक गंभरोला पुल के पास माता के मंदिर के साथ मोड़ काटते ही कुछ दूरी पर बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। जबकि, कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं है।

बताया जा रहा है कि इसमें एक युवक की बाजू कट गई है, जबकि एक छात्रा की बाजू टूट गई है।घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन की ओर से एसडीएम रामेश्वर व डीएसपी संजय शर्मा पहुंच गए हैं। बिलासपुर के डीसी राजेश्वर गोयल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों को फोरी राहत प्रदान कर दी गयी है।