ठंड से कांपी दिल्ली, 1901 के बाद 2019 (दिसंबर) में टूटा 118 साल का रिकॉर्ड !

ख़बरें अभी तक। सर्दी के इस मौसम में पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तो, मैदानी इलाकों में कोहरे और बर्फीली हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

राजधानी दिल्ली के हालात तो कुछ ज्यादा ही खराब है। दिल्ली में सर्दी ने 118 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार सुबह 8.30 बजे दिल्ली के लोधी रोड इलाके में तापमान अभी तक का सबसे कम 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बीते शुक्रवार को यहां 4.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ था। विभाग के अनुसार, इससे पहले साल 1901 के दिसंबर महीने में इतनी ठंड पड़ी थी। 118 साल बाद यह दिसंबर का दूसरा महीना है, जब दिल्ली में इतनी ज्यादा ठंड है। फिलहाल अभी इस ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है।