गृह मंत्री अनिल विज के सामने महिला ने किया अपने पति को मारने का गुनाह कबूल

ख़बरें अभी तक। हरियाणा के अंबाला से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप सन्न रह जायेंगे। गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में आई इस महिला ने विज के सामने अपना गुनाह कुबूल किया तो वहां खड़े सभी व्यक्ति हैरान रह गए। ये गुनाह भी कोई छोटा अपराध नहीं बल्कि महिला के पुलिसकर्मी पति की मौत से जुड़ा था। दरअसल महिला ने विज को लिखित चिट्ठी देकर बताया कि उसके पति की मौत उसकी वजह से हुई थी क्यूंकि उसने अपने पति को बांध दिया था। अनिल विज के दरबार में पहुंची महिला ने अब खुद को सजा दिए जाने की मांग की है।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में आये दिन प्रदेशभर से फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं। ऐसे ही एक महिला भी अनिल विज के दरबार में फरियादी बनकर आई और उसने अपनी लिखित शिकायत अनिल विज के हाथों में सौंप दी। जिसके बाद महिला की चिट्ठी पढ़कर खुद अनिल विज भी हैरान रह गये और मौके पर खड़े DSP को तुरंत एक्शन लेने के आदेश दे दिए। दरअसल इस चिट्ठी में महिला ने अपना गुनाह कुबूल किया था।

महिला ने जो चिट्ठी अनिल विज को दी उसमे साफ़ साफ़ लिखा है कि महिला और उसके पति जो पुलिस में थे, दोनों के बीच झगड़ा रहता था और पति की मौत के दिन महिला ने अपने पति को चुन्नी (दुपट्टे) से बांध दिया था जिससे इस महिला के पति की मौत हो गई। लगभग 2 साल बीत जाने के बाद अब महिला को अपने किये पर पछतावा हुआ तो महिला ने हरियाणा के गृह मंत्री के सामने पहुंचकर फांसी और जेल की मांग की है।

जिसके बाद अनिल विज ने मौके पर खड़े DSP को तुरंत महिला पर कार्रवाई करने को कहा। फिलहाल महिला पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस ने महिला के कुबूलनामे के आधार पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए SHO ने बताया कि महिला की चिट्ठी के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अपने पति की मौत का खुद को जिम्मेदार महिला को आज कोर्ट में पेश किया जायेगा, अब देखना होगा कि फांसी या जेल की मांग कर रही महिला के कुबूलनामे पर कोर्ट क्या निर्णय लेगा।