मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए बच्चों के स्कूलों का टाइम टेबल हुआ चेंज

ख़बरें अभी तक। भोपाल में मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए, बच्चों के स्कूलों का टाइम टेबल बदल दिया गया है। कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार अब 8वीं तक के स्कूल सुबह साढ़े 8 बजे से पहले नहीं शुरू होंगे। बता दें कि भोपाल भी अब ज़बरदस्त शीत लहर की चपेट में आ गया है। रविवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा।

रविवार दिन का तापमान 18.8 डिग्री रहा जो रात में लुढ़कर 14.4 डिग्री पर पहुंच गया था। यह सामान्य से 7 डिग्री कम था। 5 साल के बाद रविवार 15 दिसंबर का दिन सबसे ज़्यादा ठंडा रहा। इस ठिठुरन का असर स्कूलों के टाइम-टेबल पर पड़ा है। छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए स्कूलों के खुलने-बंद होने का समय बदल दिया गया है।

कलेक्टर के आदेश पर ज़िला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब 8वीं तक के स्कूल सुबह साढ़े आठ बजे से पहले नहीं लगेंगे। जिला प्रशासन का ये आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। आदेश में साफ किया गया है कि कोई भी स्कूल साढ़े आठ से पहले स्कूल संचालित नहीं करेगा।